Katrina Kaif Birthday Interesting Facts Mahesh Bhatt Salman Khan Vicky Kaushal


11 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

साल 2000 के आसपास की बात है। करीब 18 साल की कटरीना कैफ को अनुराग बासु के निर्देशन में बन रही फिल्म साया मिली, जिसमें जॉन अब्राहम लीड रोल में थे। ये उनकी पहली बतौर लीड बॉलीवुड फिल्म होती। एक रात उन्हें शूटिंग पर बुलाया गया। न डायलॉग था, न एक्सप्रेशन, बस डमी पासिंग शॉट देना था। अगले दिन फिर उन्हें बुलाया गया, एक सीन शूट किया गया और तुरंत पैकअप हो गया। कुछ देर बाद वहां मौजूद प्रोड्यूसर महेश भट्ट ने कहा कि इस लड़की को फिल्म से हटा दो। टीम ने जब ये बात उन्हें बताई, वो रो पड़ीं। वो बिलखते हुए सेट से निकलीं। उन्हें लगा कि उनका करियर यहीं खत्म हो गया और वे कभी एक्टिंग नहीं कर पाएंगी।

कटरीना के लिए ये रिजेक्शन झेलना मुश्किल था। हॉन्गकॉन्ग में जन्मीं कटरीना ने महज 14 की उम्र से मॉडलिंग करना शुरू किया। एक एशियन दोस्त के कहने पर वो भारत घूमने आईं, जहां उन्हें बी-ग्रेड फिल्म बूम (2003) में काम मिल गया। इस फिल्म के बाद उन्हें कई ऑफर मिले थे, जिसके बाद उन्होंने बॉलीवुड एक्ट्रेस बनने का सपना देखा था।

सेट से भगाए जाने के बाद शाम को सलमान खान मिले, तो कटरीना उनके सामने भी रो पड़ीं। ये देखकर सलमान हंसने लगे।

कटरीना चिढ़कर बोलीं- मुझे मेरी पहली फिल्म से निकाला गया, मेरी जिंदगी खत्म हो गई और तुम हंस रहे हो।

सलमान ने जोर से हंसते हुए कहा- इससे कुछ नहीं होगा, मैं जानता हूं कि तुम बहुत आगे जाने वाली हो। ये सब होगा, मेरे पास अभी जवाब नहीं है, लेकिन तुम देखोगी कि तुम कितना आगे जाओगी। उस रोज सलमान की कही हुई बात वाकई सच हुई। जिस फिल्म साया से कटरीना को निकाला गया वो फ्लॉप हो गई और 2005 में कटरीनी की एक नहीं बल्कि दो बड़ी फिल्में रिलीज हुईं। पहली थी अमिताभ बच्चन, अभिषेक की फिल्म ‘सरकार’ और दूसरी थी बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान के साथ आई फिल्म ‘मैंने प्यार क्यों किया’। इस फिल्म में खूबसूरती और चार्म से कटरीना देशभर में पॉपुलर हो गईं। गाने भी ब्लॉकबस्टर रहे। आगे कटरीना ने वेलकम, नमस्ते लंदन, एक था टाइगर जैसी हिट पर हिट देते हुए खुद को टॉप एक्ट्रेसेस में शुमार किया।

आज कटरीना कैफ 43 साल की हो चुकी हैं। उनके जन्मदिन के खास मौके पर जानिए, उनकी जिंदगी की इंट्रेस्टिंग कहानी-

भारत घूमने आई थीं, खूबसूरती की बदौलत मिल गई बी-ग्रेड फिल्म

16 जुलाई 1983 में कटरीना कैफ का जन्म हॉन्गकॉन्ग में हुआ। वो एक भाई और 6 बहनों में मंझली थीं। मां सुजैन विदेशी थीं और पिता कश्मीरी। कटरीना कम उम्र की थीं, जब पिता ने मां और 7 बच्चों को छोड़ दिया।

देखिए कटरीना के बचपन की तस्वीरें-

गुजारे के लिए मां कभी चीन गईं, तो कभी जापान। कभी बोट से बच्चों को फ्रांस ले गईं, तो कभी स्विटजरलैंट, पोलैंड, बेल्जियम, हवाई और लंदन। गुजारे के लिए बार-बार शहर बदलने के चलते उनकी स्कूलिंग ठीक तरह नहीं हो सकी। घर में कुछ ट्यूटर आते, जो सारे भाई-बहनों को साथ पढ़ाते थे।

कटरीना महज 14 साल की थीं, जब वह एक ब्यूटी कॉन्टैस्ट की विनर बनीं, जिसके बाद उन्हें लगातार जूलरी एड और मॉडलिंग के ऑफर मिलने लगे।

हुनर की बदौलत वो लंदन फैशन वीक की मॉडल बनीं। यहीं उनकी मुलाकात एक एशियन लड़की से हुई, जो उन्हीं के साथ मॉडलिंग करती थी। उस लड़की ने एक रोज कटरीना से कहा कि उन्हें कभी भारत घूमने आना चाहिए। कटरीना ने फुर्सत मिलते ही भारत की टिकट बुक करवा ली।

एक रोज वो अपनी दोस्त के साथ एक फैशन शो देखने पहुंचीं। यहां उन पर लंदन के फिल्ममेकर कैजाद गुस्ताद की नजर पड़ गई। कैजाद ने उन्हें हिंदी-इंग्लिश फिल्म बूम ऑफर कर दी। ये एक बी-ग्रेड फिल्म थी, जिसमें अमिताभ बच्चन, गुलशन ग्रोवर, जैकी श्रॉफ जैसे बड़े चेहरे थे। इस फिल्म के प्रोड्यूसर जैकी श्रॉफ और उनकी पत्नी आएशा थे, जिन्होंने इसमें सारी जमापूंजी लगा दी थी और काफी कर्जा भी लिया था।

2 घंटे के साथ गुलशन ग्रोवर के साथ किसिंग सीन प्रैक्टिस किया

फिल्म में कटरीना को एक ऐसी मॉडल का किरदार मिला, जो डायमंड स्मगलिंग में फंसती हैं। फिल्म के एक सीन के लिए कटरीना कैफ को गुलशन ग्रोवर के साथ बोल्ड किसिंग सीन देना था, वो भी अमिताभ बच्चन की मौजूदगी में। डायरेक्टर कैजाद ने गुलशन को सुझाव दिया कि उन्हें फाइनल शॉट से पहले प्रैक्टिस कर लेनी चाहिए। कटरीना नई थीं, ऐसे में गुलशन ने सबके सामने शर्मिंदगी से बचने के लिए कटरीना के साथ 2 घंटे तक एक बंद कमरे में किसिंग सीन प्रैक्टिस किया।

फिल्म बूम से कटरीना कैफ और गुलशन ग्रोवर की तस्वीर।

फिल्म बूम से कटरीना कैफ और गुलशन ग्रोवर की तस्वीर।

फिल्म 19 सितंबर 2003 में रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस में बुरी तरह फ्लॉप हो गई। जैकी श्रॉफ के लगाए हुए सारे पैसे डूब गए। कर्जदारों की रकम चुकाने के लिए जैकी श्रॉफ ने पहले फर्नीचर, कार बेची और आखिर में उनका घर भी बिक गया।

फिल्म फ्लॉप रही और कटरीना के ब्रिटिश एक्सेंट की भी जमकर आलोचना हुई, इसके बावजूद उन्हें कई फिल्मों के ऑफर मिलने लगे।

इसी समय उन्होंने डिजाइनर रोहित बहल कई बड़े डिजाइनर्स के लिए वॉक की।

देखिए कटरीना के शुरुआती मॉडलिंग करियर की तस्वीरें-

आगे कटरीना किंगफिशर कैलेंडर के अलावा कोकाकोला, एलजी, फेविकॉल और सैमसंग जैसे बड़े एड्स में नजर आईं।

फेविकॉल के एड में कटरीना कैफ।

फेविकॉल के एड में कटरीना कैफ।

सलमान की बहन से हुई दोस्ती, जिनकी बदौलत खान परिवार की करीबी बनीं

करियर की शुरुआत में कटरीना कैफ की मुलाकात स्टेप क्लास में अलवीरा से हुई, दोनों साथ वर्कआउट करते थे। कटरीना वर्कआउट के समय भी पीनट बटर और ब्रेड खाती थीं, जो अलविरा को काफी अटपटा लगता था। इसी टॉपिक पर दोनों की बात शुरू हुई और समय के साथ दोनों की दोस्ती मजबूत होने लगी।

सलमान खान की बहनों अलविरा और अर्पिता के साथ ली गई कटरीना की तस्वीर।

सलमान खान की बहनों अलविरा और अर्पिता के साथ ली गई कटरीना की तस्वीर।

एक रोज अलवीरा ने कटरीना से कहा कि वो उनके भाई सलमान खान की बर्थडे पार्टी में साथ चलें। इस पार्टी में चंद लोग ही पहुंचने वाले थे। कटरीना मान गईं और शाम को गैलेक्सी अपार्टमेंट पहुंचीं। जैसे ही कटरीना ने कदम आगे बढ़ाए, सलमान उनके सामने शर्टलेस खड़े थे, जो उन्हें देखते ही हड़बड़ाहट में छिपते हुए कमरे में वापस जाने को हुए, कटरीना ये देखकर हंस पड़ीं।

नितिन कक्कड़ को दिए इंटरव्यू में सलमान ने बताया था कि उस दिन मेहमानों के आने से पहले उन्होंने वर्कआउट किया और फिर नहाने चले गए। उन्हें लगा मेहमानों के आने में समय है, तो वो शर्टलेस ही लिविंग रूम में आ गए, वो इस बात से अनजान थे कि अलवीरा अपनी दोस्त को घर ला रही हैं।

इस अटपटी पहली मुलाकात के बाद कटरीना अक्सर, अलवीरा के साथ घर जाया करती थीं, जहां उनकी सलमान से दोस्ती हो गई।

इसी समय महेश भट्ट ने फिल्म साया के लिए कटरीना का ऑडिशन लिया था, तब उन्हें कटरीना पसंद आई थीं, हालांकि बाद में कटरीना को फिल्म से निकाल दिया गया।

बॉलीवुड करियर न चलने के बीच ही कटरीना को साउथ फिल्म मल्लिसवरी (2004) में वेकंटेश के साथ काम मिल गया। फिल्म के लिए कटरीना को 75 लाख रुपए फीस मिली थी। ये साउथ एक्ट्रेस के मुकाबले उस दौर की सबसे ज्यादा फीस थी। ये फिल्म हिट रही और कटरीना को लगातार साउथ से बड़े ऑफर मिलने लगे। कटरीना ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें टॉप साउथ एक्टर्स जितनी फीस ऑफर होती थी। लेकिन कटरीना का फोकस बॉलीवुड में था।

साउथ फिल्म मल्लिसवरी के गाने में कटरीना कैफ।

साउथ फिल्म मल्लिसवरी के गाने में कटरीना कैफ।

शूटिंग के बीच कोरियोग्राफर ने की बेइज्जती

इस साउथ फिल्म के एक गाने की शूटिंग आउटडोर हुई थी। कटरीना उस समय नई थीं और इंडियन डांस से पूरी तरह अनजान थीं। डांस न आने पर उन्हें बार-बार रीटेक करना पड़ रहा था। इस बात से कोरियोग्राफ चिढ़ गई। उसने माइक पर तेज आवाज में कहा- ये लड़की पूरी जीरो है। ये डांस भी नहीं कर सकती।

कटरीना काफी निराश हुईं और मन में सोचा- ये इतनी तेज बोल रही है, जिससे मैं इसे सुन लूं, इसका मतलब ये है कि वो चाहती है मैं इसे सुनूं।

कटरीना ने उस कोरियोग्राफर से कुछ नहीं कहा, लेकिन अपनी डांस स्किल्स पर काम करना शुरू कर दिया। आज कटरीना शीला की जवानी, चिकनी चमेली, अफगान जलेबी, इश्क परचम जैसे गाने देकर बॉलीवुड की सबसे बेस्ट डांसर कही जाती हैं।

सलमान की बदौलत मिला बड़ा ब्रेक

साउथ डेब्यू के बाद सलमान ने कटरीना के कुछ ऑडिशन क्लिप और प्रोजेक्ट्स भी देखे थे। कुछ समय बाद सलमान खान को सुष्मिता सेन के साथ डेविड धवन की फिल्म मैंने प्यार क्यों किया मिली। इस फिल्म के लिए डेविड धवन एक सुसाइडल मॉडल के रोल के लिए नए चेहरे की तलाश में थे, तभी सलमान ने उन्हें कटरीना के नाम का सुझाव दिया। डेविड ने कटरीना का स्क्रीनटेस्ट लिया और काम पसंद आने पर उन्हें कास्ट कर लिया।

ठीक इसी समय कटरीना को अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन के साथ फिल्म सरकार में काम मिला। कटरीना ने एक साथ दोनों फिल्में शूट कीं। दोनों फिल्में जुलाई 2005 में रिलीज हुईं। सरकार में कम स्क्रीनटाइम के बावजूद कटरीना को जी सिने अवॉर्ड मोस्ट प्रोमिसिंग डेब्यू का नॉमिनेशन मिला, जबकि मैंने प्यार क्यों किया के लिए उन्हें बेस्ट ब्रेकथ्रो परफॉर्मेंस के लिए स्टारडस्ट अवॉर्ड मिला।

अक्षय की फिल्म का सेट छोड़कर भागीं, खूब रोईं

आगे कटरीना कैफ को अक्षय कुमार के साथ फिल्म हमको दीवाना कर गए में साइन किया गया। ये बतौर लीड एक्ट्रेस कटरीना की पहली बड़ी फिल्म होने वाली थी। इससे पहले उनकी सभी फिल्मों में छोटे-मोटे रोल ही थे। इस फिल्म की शूटिंग फिल्मिस्तान स्टूडियो में हुई। शिफ्ट लंबी चलने वाली थी, लेकिन पहले ही दिन 3 घंटे शूट करने के बाद कटरीना कैफ रो पड़ीं। कुछ देर बाद कटरीना बिना कुछ कहे सेट से निकल गईं। उन्होंने डिजाइनर को कॉल कर कहा, क्या इस तरह यहां काम होता है। इतने घंटे काम करवाया जाता है। मैं बहुत थक चुकी हूं। मैं ऐसे काम नहीं कर सकती। क्या कोई और काम ढूंढ सकते हो। डिजाइनर ने इनकार कर दिया। शाम को कटरीना ने दोस्तों से यही कहा- मुझे अक्षय से डर लगता है, मैं ऐसे काम नहीं कर सकती। हालांकि, दोस्तों के समझाने पर कटरीना मान गईं और फिल्म पूरी की। ये फिल्म हिट रही और कटरीना के साथ अक्षय की जोड़ी काफी पसंद की गई।

कटरीना कैफ ने अक्षय कुमार के साथ सबसे ज्यादा फिल्में की हैं।

कटरीना कैफ ने अक्षय कुमार के साथ सबसे ज्यादा फिल्में की हैं।

जब फ्लॉप के डर से भारत छोड़कर जाना चाहती थीं कटरीना

हमको दीवाना कर गए के बाद कटरीना को अक्षय कुमार के साथ नमस्ते लंदन में कास्ट किया गया। फिल्म बनकर तैयार हुई तो फिल्मी गलियारों में चर्चा होने लगी कि ये फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हो जाएगी। इसी बीच डायरेक्टर विपुल शाह ने कटरीना को फिल्म देखने बुलाया। फिल्म दिखाने के बाद विपुल शाह ने उनसे पूछा कि फिल्म कैसी लगी। कटरीना जो पहले ही गॉसिप से परेशान थीं, बिना कुछ बोले ही वहां से तुरंत निकल गईं।

कटरीना को फिल्म पसंद नहीं आई। उन्होंने मान लिया कि ये फ्लॉप होगी। उन्होंने भारत छोड़ने के लिए सामान पैक करना शुरू कर दिया।

शाम को उनके पास विपुल शाह के असिस्टेंट का कॉल आया, जिसने कहा- आप बिना जवाब दिए चली गईं, विपुल जी आपसे नाराज हैं।

कटरीना ने तुरंत विपुल को कॉल कर झूठी तारीफें करना शुरू कर दिया। उन्होंने फिल्म रिलीज तक भारत में रुकने का फैसला किया, लेकिन रिलीज के बाद फिल्म हिट हुई और कटरीना को और बड़ी फिल्मों के ऑफर आने लगे।

सलमान से मिलने जेल पहुंची थीं कटरीना कैफ

फिल्म मैंने प्यार क्यों किया के बाद से ही सलमान और कटरीना के अफेयर की चर्चा आम हो गई। हर किसी ने माना कि सलमान उनके गॉडफादर हैं। कटरीना ने पार्टनर और युवराज जैसी फिल्मों में सलमान के साथ स्क्रीन भी शेयर की। जब साल 2007 में सलमान खान को काला हिरण शिकार मामले में जेल हुई, तो कटरीना, अलविरा और अरबाज के साथ उनसे मिलने पहुंचीं।

जोधपुर सेंट्रल जेल के बाहर ली गई कटरीना की तस्वीर।

जोधपुर सेंट्रल जेल के बाहर ली गई कटरीना की तस्वीर।

कुछ समय बाद वह अजमेर शरीफ दरगाह पहुंचीं। खबर ये भी रही कि सलमान कटरीना के लिए बेहद पजेसिव हैं।

एक था टाइगर के सेट पर सलमान ने मारा

पर्सनल लाइफ की चर्चा के बीच कटरीना ने वेलकम, सिंह इज किंग, न्यूयॉर्क, दे दना दन जैसी बेहतरीन फिल्में देते हुए टॉप एक्ट्रेसेस में नाम बना लिया था। इसी समय उन्हें रणबीर कपूर के साथ फिल्म अजब प्रेम की गजब कहानी मिली। साथ काम करते हुए कटरीना और रणबीर के लिंक अप की खबरें आने लगीं। इसी समय कटरीना ने सलमान खान के साथ एक था टाइगर शूट की। शूटिंग के बीच सिनेब्लिट्स मैगजीन की रिपोर्ट में दावा किया गया कि एक था टाइगर फिल्म के सेट पर कटरीना को छोटे कपड़े पहने देख सलमान इस कदर नाराज हुए कि उन्होंने सरेआम कटरीना पर हाथ उठा दिया। खबर चर्चा में रही। कुछ समय बाद सलमान ने भी इस पर सफाई दी। आप की अदालत में सलमान ने कहा, कटरीना ने छोटे कपड़े नहीं पहने थे, लेकिन कपड़े की फिटिंग ठीक नहीं थी। इसलिए मैंने उन्हें कपड़े बदलने के लिए कहा। हम फिल्म का आखिरी गाना माशाल्लाह शूट कर रहे थे और उसमें छोटे कपड़े पहनने की जरुरत भी नहीं थी।

सलमाना ने हाथ उठाने के दावा से इनकार नहीं किया, बल्कि कहा कि कभी-कभी पीआर टीम ही पब्लिसिटी के लिए ऐसी खबरें फैला देती हैं।

जब 2013 में धूम रिलीज हुई तो आमिर ने को-स्टार कटरीना के लिए कहा कि वो सलमान-कटरीना की शादी होते देखना चाहते हैं। दूसरी तरफ कटरीना-रणबीर के रिश्ते की चर्चाएं बढ़ रही थीं। दोनों ने कभी इस पर न कन्फर्मेशन दी, न इसका खंडन किया।

रणबीर के साथ प्राइवेट फोटो हुई लीक

अगस्त 2013 में कटरीना और रणबीर के सीक्रेट हॉलिडे की प्राइवेट तस्वीरें स्टारडस्ट मैगजीन में छपीं। वो तस्वीरें बीच में सीक्रेटली ली गई थीं। तस्वीरें पब्लिश होने पर कटरीना भड़क गईं और उन्होंने इसे ब्रीच ऑफ प्राइवेसी कहा। हालांकि तस्वीरों से उनके सीक्रेट रिलेशनशिप पर मुहर लग गई।

जल्द ही कटरीना और रणबीर लिव-इन में रहने लगे। दोनों की शादी की खबरें तब तेज हुईं, जब रणबीर के साथ कॉफी विद करण में पहुंचीं करीना ने कटरीना को भाभी कहा।

शादी की खबरों के बीच 2016 में कटरीना-रणबीर का ब्रेकअप हो गया। पूर्व जर्नलिस्ट पूजा सामंत ने एक इंटरव्यू में बताया कि ब्रेकअप के बाद कटरीना बुरी तरह टूट गई थीं। वो शादी करना चाहती थीं, लेकिन रणबीर तैयार नहीं थे। ब्रेकअप के कुछ दिनों बाद पूजा जब कटरीना का इंटरव्यू लेने यशराज स्टूडियो पहुंचीं, तो वहां कटरीना काफी रो रही थीं। वो रोते हुए कह रही थीं, मैंने गलती की, मैं उससे प्यार करती थी, उसकी वजह से मैंने अपना करियर बर्बाद कर लिया। ब्रेकअप के बीच ही कटरीना ने रणबीर के साथ जग्गा जासूस में काम किया, ये फिल्म बुरी तरह फ्लॉप रही।

रणबीर की मां नीतू सिंह ने कसा था तंज

कटरीना से ब्रेकअप के कुछ समय बाद रणबीर की मां नीतू सिंह की एक पोस्ट पर विवाद हो गया। उन्होंने पोस्ट कर लिखा था- सिर्फ इसलिए कि उसने तुम्हें 7 साल डेट किया, इसका मतलब ये नहीं कि वो तुमसे शादी करेगा। मेरे अंकल ने 6 साल मेडिसिन की पढ़ाई की वो अब डीजे हैं।

इसके जवाब में कटरीना की मां ने पोस्ट शेयर कर कहा और लिखा, “मुझे बचपन से यही सिखाया गया कि सफाईकर्मी के साथ भी उतने ही सम्मान से पेश आओ, जितने सम्मान से किसी कंपनी के सीईओ को दिया जाता है।”

विक्की कौशल में मिला हमसफर, जानिए कैसी है लव स्टोरी

विक्की और कटरीना की जोड़ी बनवाने में करण जौहर की काफी अहम भूमिका है। जब करण ने अपने टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ पर कटरीना से सवाल पूछा था कि वो आगे किसके साथ काम करना पसंद करेंगी, तब उसके जवाब में कटरीना ने विक्की का नाम लिया था। ये बात करण ने जब विक्की को बताई तो वो इसे सुन कर दिल पर हाथ रखकर ‘बेहोश’ होने लगे।

फिर विक्की ने कटरीना को साल 2019 में स्टार स्क्रीन अवॉर्ड के दौरान सरेआम शादी का प्रस्ताव दिया था। विक्की ने कहा था कि मैं आपका बहुत बड़ा फैन हूं, शादियों का मौसम चल रहा है आप भी एक विक्की कौशल को ढूंढकर उससे शादी क्यों नहीं कर लेतीं। उसके बाद कटरीना से विक्की ने सीधे पूछ लिया कि मुझसे शादी करोगी। इस पर एक्ट्रेस ने कहा- हिम्मत नहीं है।

हैरानी की बात तो ये थी कि ये सब सलमान खान की मौजूदगी में हो रहा था, जहां उनके एक्सप्रेशन देखने लायक थे। इस वक्त तो सभी ने इसे अवॉर्ड नाइट में एक्टर और होस्ट के बीच का मस्ती-मजाक समझकर नजरंदाज कर दिया, लेकिन फिर जल्द ही दोनों कई मौकों पर साथ नजर आने लगे।

साल 2019 के आईफा अवॉर्ड, जी सिने अवॉर्ड फंक्शन में भी दोनों साथ ही पहुंचे थे और साथ बैठे थे। कई बार विक्की को कटरीना के घर में भी स्पॉट किया गया। जल्द ही एक ही हुडी पहनने और एक ही बैकग्राउंड की तस्वीरें पोस्ट करते हुए दोनों के अफेयर की चर्चाएं बढ़ने लगीं।

एक फोटो से खुला रिलेशनशिप का राज

कटरीना ने सोशल मीडिया अकाउंट से एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें वो पीली टी-शर्ट पहने एक शख्स को गले लगाए दिखीं। तस्वीर इतनी क्रॉप थी कि सिर्फ टी-शर्ट का जेब ही दिख रहा था। कुछ समय बाद विक्की ने वही पीली टी-शर्ट पहने हुए तस्वीर पोस्ट की, लेकिन तब कटरीना ने अपनी फोटो डिलीट कर दी।

तस्वीरें जल्द ही वायरल हो गईं और दोनों का रिश्ता ऑफिशियल हो गया। तभी रिपोर्ट्स आईं कि कपल ने डायरेक्टर कबीर खान के घर में रोका कर लिया है।

कई अटकलों के बीच विक्की-कटरीना ने 9 दिसंबर 2021 में सवई माधौपुर के सिक्स सेंस रिसोर्ट में डेस्टिनेशन वेडिंग की, जिसमें चंद करीबी ही शामिल हुए।

देखिए शादी की तस्वीरें-

शादी के 3 साल बाद 7 नवंबर 2025 में कटरीना ने बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम विहान रखा गया है। फिलहाल कटरीना और विक्की ने बेटे की तस्वीरें सार्वजनिक नहीं की हैं।

कटरीना कैफ आखिरी बार 2024 की फिल्म मैरी क्रिसमस में विजय सेतुपति के साथ नजर आई हैं। इन दिनों कटरीना मदरहुड एंजॉय कर रही हैं और अपनी ब्यूटी ब्रांड के ब्यूटी पर फोकस कर रही हैं।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *